पानीपत। हरियाणा के पानीपत में रिश्तों को शर्मसार करने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ एक महिला ने अपने ही बेटे सहित चार मासूम बच्चों की हत्या करने की बात कबूल की है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी महिला का नाम पूनम है, जिसने सभी बच्चों को डुबोकर मौत के घाट उतारा।
यह खुलासा तब हुआ जब पुलिस ने पूनम से हाल ही में हुई उसकी भतीजी की मौत के मामले में कड़ाई से पूछताछ की। पूछताछ के दौरान पूनम ने जो बताया, उसने पुलिस अधिकारियों के होश उड़ा दिए।
एक जैसी थी सभी चार हत्याओं की तरीका
पुलिस ने मीडिया को बताया कि पूनम ने अपनी भतीजी की हत्या करने की बात स्वीकार की है। लेकिन सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि यह उसकी पहली हत्या नहीं थी। पूनम ने कबूल किया कि उसने 2023 में भी तीन अन्य बच्चों को इसी तरह डुबोकर मार डाला था।
इन तीन मासूमों में उसका अपना सगा बेटा भी शामिल था। पुलिस के अनुसार, पूनम ने सभी चार हत्याओं को एक ही खौफनाक तरीके से अंजाम दिया—बच्चों को पानी में डुबोकर। यह क्रूर तरीका बताता है कि पूनम सुनियोजित तरीके से इन वारदातों को अंजाम दे रही थी।
फिलहाल, पुलिस हत्याओं के पीछे के सही मकसद का पता लगाने के लिए मामले की गहनता से जाँच कर रही है। आरोपी महिला पूनम को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसे न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया चल रही है। इस घटना ने पूरे पानीपत और आसपास के इलाकों में दहशत और स्तब्धता फैला दी है।
